रामपुर बुशहर। जिला शिमला के हॉट स्पॉट बने रामपुर में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। चार जिलों के केंद्र में रोजाना कोरोना संक्रमण के एक दर्जन से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को 17 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
बुधवार को रामपुर में 17 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। उपमंडल के 8, कंटेनमेंट जोन रहे ब्रौ के 4, जबकि अन्य क्षेत्रों के 5 लोग संक्रमित पाए गए। इनमें ब्रौ क्षेत्र के 4, खोपड़ी के 2, पानवी (निचार) का एक, सराहन के 2, त्यावल ज्यूरी का एक, तांदी कुल्लू का एक, निशानी का एक, आनी का एक, करांगला देलठ का एक, झाकड़ी का एक, डकोलढ़ का एक और चाटी का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। तहसीलदार रामपुर कुलताज सिंह ने रामपुर आने वाले लोगों से सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की है।
उधर, जनजातीय जिला किन्नौर में बुधवार को 11 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में बुधवार को 141 सैंपल लिए गए, जिनमें 11 सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव, 32 की निगेटिव, जबकि 98 सैंपल आईजीएमसी शिमला भेजे गए हैं। बुधवार को पॉजिटिव आने वालों में पुलिस थाना पूह का एक, पुलिस थाना सांगला का एक, पूह का एक, चांगो का एक, मलिंग का एक, भावानगर का एक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर का एक, आसरंग का एक, तंगलिंग का एक, जबकि तेलंगी गांव से दो लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। नेगी ने जिले के लोगों से संक्रमण से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की है।