Coronavirus economic impact concept image
- फोटो : Feydzhet Shabanov - stock.adobe.
आनी (कुल्लू)। आनी में एक सप्ताह से कोरोना का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। एक सप्ताह से लगातार 10 से लेकर 15 कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आ रहे हैं जो बेहद चिंता का विषय बना हुआ है। आनी के हर ग्रामीण क्षेत्र से मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। कई विभागों के कर्मचारियों को भी कोरोना अपनी चपेट में ले चुका है।
ऐसे में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सरकार की ओर से जारी किए गए दिशा निर्देशों की सही से अनुपालना न करने से लोगों ने स्वयं लापरवाही का परिचय दिया है। जिप सदस्य लोकेंद्र कुमार ने प्रशासन और सरकार पर आरोप लगाया है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने में ये नाकाम साबित हुए हैं। कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के बावजूद विभिन्न विभागों के कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों में कहीं भी सैनिटाइजर का छिड़काव नहीं हो रहा है। कार्यकारी बीएमओ आनी डॉ. भागवत प्रकाश मेहता ने बताया कि सिविल अस्पताल आनी में प्रतिदिन रैपिड एंटीजन टेस्ट किट के माध्यम से लोगों के टेस्ट हो रहे हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से प्रतिदिन 10 से 15 लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। सोमवार को 51 लोगों के टेस्ट किए गए हैं जिनमें से 11 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। एसडीएम आनी चेत सिंह ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को तेज बुखार, खांसी सांस लेने में तकलीफ, गले में खराश आदि इनमें से एक भी लक्षण है तो वे तुरंत अपने आप को परिवार से अलग होकर आइसोलेट कर लें और कोरोना टेस्ट करवाएं।