कोटखाई (रोहडू)। कोटखाई में बुधवार को एक 53 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति को मंगलवार देर रात गंभीर हालत में कोटखाई स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति को दो-चार दिन से खांसी और बुखार था। जब उसे सांस लेने में ज्यादा दिक्कत हुई तो उसे कोटखाई स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मृतक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट लिया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसके बाद मृत व्यक्ति के परिजनों के भी टेस्ट लिए गए। इनमें से दो सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
बुधवार सुबह नगर पंचायत कोटखाई के कर्मचारियों की ओर से कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत मृतक का दाह संस्कार किया गया। उसके बाद नगर पंचायत की ओर से कोटखाई बाजार समेत स्वास्थ्य केंद्र कोटखाई को भी सैनिटाइज किया गया। मृतक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कोटखाई के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। दाह संस्कार के समय कर्मचारी पूरी तरह पीपी किट से लैस थे। इस मौके पर तहसीलदार कैलाश कुंडल भी मौजूद रहे। मृतक व्यक्ति के परिजनों की मौजूदगी में दाह संस्कार किया गया।