ठियोग (रामपुर बुशहर)। वैश्विक महामारी कोरोना के मामले अब ऊपरी शिमला में भी रफ्तार पकड़ने लगे हैं। गत दिवस ठियोग की पड़गैंया पंचायत के मिहाणा गांव का एक बुजुर्ग दंपती कोरोना महामारी की चपेट में आया है। देर शाम को डॉ. टविंकल टेक्टा की अगुवाई में पिछले कई दिन से जुकाम-बुखार से ग्रसित चल रहे बुजुर्ग दंपती के कोरोना सैंपल लिए गए। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गांव में कुल चार लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें से ये दो लोग पॉजिटिव आए हैं।
बीएमओ ठियोग ने बताया कि बुजुर्ग दंपती की बेटी पिछले दिनों 14 सितंबर को अपने मायके श्राद्ध पर खाना खाने पहुंची थी, जो 18 सितंबर को शिमला में कोरोना संक्रमित पाई गईं। इसके बाद दंपती पिछले कई दिन से जुकाम-बुखार से पीड़ित था। रविवार को लिए गए सैंपलों में इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से देर रात करीब 12 बजे दंपती को आईजीएमसी शिमला 108 के माध्यम से भेज दिया गया है।