रामपुर बुशहर। रामपुर में बिजली बोर्ड की महिला कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकली हैं। जानकारी के मुताबिक बिजली बोर्ड रामपुर में कार्यरत महिला कर्मचारी को अचानक बुखार, खांसी और जुकाम हुआ। इसके बाद महिला स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए स्वास्थ्य केंद्र रामपुर में पहुंचीं। इस दौरान उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग रामपुर ने उनके संपर्क में रहे सभी लोगों को क्वारंटीन रहने की अपील की है, जिससे किसी प्रकार की परेशानी न हो। बीएमओ रामपुर डॉ. आरके नेगी ने बताया कि दो महिलाएं खांसी-जुकाम और बुखार होने पर स्वास्थ्य जांच करवाने आई थीं। इनमें से बिजली बोर्ड में कार्यरत महिला कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि उनके संपर्क में आए सभी लोगों को होम क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि उनके संपर्क में आए सभी लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।