कोटखाई (रोहडू)। कोटखाई में करोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब पीएचसी कोटखाई के खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में तैनात दो कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इससे पहले एचपीपीसीएल के तीन उच्च अधिकारी करोना पॉजिटिव निकले थे। दोनों कर्मचारियों को कोविड केयर सेंटर में स्थानांतरित कर दिया गया है। इनकी कांटेक्ट हिस्ट्री ट्रेस की जा रही है। खंड स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के दो कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से कोटखाई में दहशत का माहौल बन गया है। एहतियातन सैनिटाइजेशन के बाद कोटखाई अस्पताल की ओपीडी को बंद कर दिया गया है। दोनों कर्मचारियों को बुखार और जुकाम होने पर उनके टेस्ट लिए गए, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एसडीएम सौरव जस्सल ने बताया कि बुधवार को कोटखाई अस्पताल में ओपीडी बंद रहेगी। इनके संपर्क में आए सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों के बुधवार को टेस्ट लिए जाएंगे।