रिकांगपिओ (किन्नौर)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोनम नेगी ने शुक्रवार को प्रेस को जारी बयान में कहा कि जिले में अभी तक कोरोना के 4,692 सैंपल लिए जा चुके हैं। 4603 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कुछ की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना पॉजीटिव मामलों की संख्या 79 है और इस समय 21 मामले सक्रिय हैं।
अब तक 57 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। जिले में 892 लोगों को एहतियातन होम-क्वांरटीन किया गया है, जबकि 123 लोगों को संस्थागत क्वांरटीन किया गया है। 11 लोगों को होम आइसोलेट किया गया है, जबकि 10 डेडिकेटिड कोविड केयर सेंटर रिकांगपिओ में भर्ती हैं। सोनम नेगी ने जिलावासियों से आग्रह किया है कि कोरोना महामारी से बचने के लिए प्रदेश और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि घर से बाहर निकलते समय मास्क अवश्य पहनें और दो गज की सामाजिक दूरी की पालना भी सुनिश्चित बनाएं। साबुन से अपने हाथ बार-बार धोते रहें। यात्रा के समय अपने साथ सैनिटाइजर अवश्य रखें। इससे अपने हाथों को साफ करते रहें।