रामपुर बुशहर। किन्नौर और रामपुर में आईटीबीपी के 23 जवानों के एक साथ कोरोना पॉजिटिव आने से जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। वहीं, लोगों में दहशत बढ़ गई है। हालांकि, प्रशासन ने लोगों से न डरने की अपील की है। किन्नौर में लगातार कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ने से लोगों को जागरूक रहने के साथ ही सरकार के हर दिशा-निर्देश का सही ढंग से पालन करने को कहा गया है। किन्नौर में जंगी आईटीबीपी कैंप को सील कर कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। यहां प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। ज्यूरी में भी लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए हर जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। ज्यूरी में पॉजिटिव आए जवानों को कोविड केयर सेंटर मशोबरा शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। ज्यूरी क्षेत्र के क्वारंटीन सेंटरों से पहले एक जवान और एक स्थानीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। तीसरी बार एक साथ छह जवानों के कोरोना संक्रमित आने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। एसडीएम रामपुर नरेंद्र चौहान ने रामपुर की सीमा पर एनएच पांच किनारे स्थित दुकानदारों और ढाबा संचालकों को हिदायत दी है कि वे सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन करें। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों या फिर वाहनों में सफर करने वाले लोगों से मिलते समय कोरोना संक्रमण से बचने के सभी नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से दुकानदारों और ढाबा संचालकों को व्यापक प्रबंध करने की अपील की है।
जिला पुलिस अधीक्षक किन्नौर एसआर राणा ने बताया कि अब किन्नौर जिले में भावानगर, रिकांगपिओ और जंगी आईटीबीपी कैंपों को कंटेनमेंट जोनों में शामिल किया गया है।