रिकांगपिओ (किन्नौर)। रिकांगपिओ में आईटीबीपी जवानों में पांच पॉजिटिव केस आने के बाद किन्नौर पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। इसको लेकर एसपी एसआर राणा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
एसपी राणा ने बताया कि आईटीबीपी का जो भी जवान बाहर निकलता है तो इसकी सूचना जिला प्रशासन और पुलिस को देनी होगी। आईटीबीपी कैंपस के बाहरी क्षेत्र में पुलिस 24 घंटे निगरानी रखेगी। कैंपस के अंदर जरूरी वस्तुओं की सप्लाई लेकर आने वाली गाड़ियों को हेलीपैड पर ही रुकना पड़ेगा।
चालक और परिचालक को उसी समय गाड़ी खाली कर वापस जाना होगा। कंटेनमेंट जोन वालों के लिए जिलाधीश कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इनका टोल फ्री नंबर 1077, जबकि दूसरा नंबर 01786-223151 होगा। ये नंबर दिन-रात खुले रहेंगे। अगर किसी परिवार को किसी चीज की जरूरत पड़े तो इन नंबरों पर कॉल कर सकते हैं। तीनों गेटों पर गार्ड आने-जाने वालों का पंजीकरण करेंगे। इस अवसर पर 17वीं बटालियन के द्वितीय कमांडेंट आईटीबीपी सुनील कुमार, एसडीएम कल्पा अवनिंद्र कुमार, डीएसपी विपिन कुमार, सीएमओ किन्नौर सोनम नेगी और रिकांगपिओ थाना प्रभारी पदम देव विशेष रूप से मौजूद रहे।