रिकांगपिओ (किन्नौर)। उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद ने जिले में कोरोना वायरस से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में देशी-विदेशी पर्यटकों के प्रवेश पर आगामी 31 मार्च तक प्रतिबंध लगा दिया गया है। होटल एसोसिएशन जिला किन्नौर ने प्रस्ताव पास कर सूचित किया था कि जिले के समस्त होटल, होमस्टे और गेस्ट हाउस मालिकों ने निर्णय लिया है कि 31 मार्च तक कोरोना वायरस की आशंका के चलते किसी प्रकार की बुकिंग नहीं होगी।
इस संबंध में समस्त ग्राम पंचायतों को भी पत्र लिख कर सूचित किया गया है कि वे अपने संबंधित क्षेत्रों में सभी होटलों, होमस्टे और अन्य पर्यटन संबंधी गतिविधियां 31 मार्च तक बंद रखें। साथ ही अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में कोरोना वायरस से संबंधित सतर्कता बरतें। डीसी ने पुलिस अधीक्षक और जिला पर्यटन अधिकारी को भी निर्देश दिए हैं कि जिले में आने वाले सभी नेपाली मजदूरों का पंजीकरण करने और इनरलाइन परमिट जारी करने से पहले सरकारी अस्पतालों में सक्षम चिकित्सा अधिकारी से वायरस के लक्षणों से संबंधित उनकी चिकित्सा जांच सुनिश्चित करें। चिकित्सा जांच सही पाने जाने पर ही उन्हें इनरलाइन परमिट दें। संबंधित थानों में उनका पंजीकरण करें।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार किन्नौर जिले की चौरा स्थित पुलिस चेकपोस्ट पर बाहरी क्षेत्रों से आने वाले सभी प्रकार के वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा है। यात्रियों की थार्मोस्केनिंग सुनिश्चित बनाई गई है। जिले के सभी एटीएम और भीड़ वाले सार्वजनिक स्थानों का भी सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वीरवार को उपायुक्त कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मिनी सचिवालय और रिकांगपिओ स्थित पर्यटन सूचना केंद्र का भी सैनिटाइजेशन किया गया। परिवहन विभाग की ओर से भी सभी बसों का सैनिटाइजेशन सुनिश्चित बनाया जा रहा है।