रोहड़ू। सिविल अस्पताल रोहड़ू में बने डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में रखे कोरोना के 16 मरीज रविवार को निगेटिव हो कर घर लौटे हैं। ठीक होने वालों में एक बागवान व 15 मजदूर हैं। मजदूर आजमगढ़ से महेंदली नौ जुलाई को आए थे। बागवान सहित सभी मजदूर 22 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव आए थे। जिसके बाद से इन्हें सिविल अस्पताल रोहड़ू कोविड केयर सेंटर में रखा गया था। रविवार को सभी 16 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। नोडल ऑफिसर डॉ. दलीप शर्मा ने बताया कि 16 कोरोना मरीज निगेटिव आए हैं। इनमें स्थानीय बागवान भी शामिल है। एसएमओ डॉ. रविंद्र शर्मा ने बताया कि निगेटिव हुए लोगों को सात दिन के होम क्वारंटीन में रखा जाएगा। मजदूरों से संबंधित बागवानों को क्वारंटीन के निर्देश दिए गए हैं।