रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यही वजह है कि वर्तमान में उपमंडल के भीतर कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 94 पहुंच गई है। लगातार बढ़ रहे मामलों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंताएं भी बढ़ा दी है।
इसकी खास वजह यह है कि संक्रमण बढ़ने के बावजूद लोग कोविड की गाइडलाइन को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं। इससे संक्रमण की रफ्तार आने वाले दिनों में और भी बढ़ सकती है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर रहने और मास्क का प्रयोग करने की अपील की है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना जांच भी तेज कर दी है।
सक्रिय मरीजों की बात करें तो इसमें 60 लोग रामपुर विकास खंड से संबंधित हैं, जबकि 34 लोग दूसरे क्षेत्रों से संबंध रखते हैं। संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग ने आईसोलेशन पर भेजा दिया है। इसके साथ ही उनकी लगातार निगरानी की जा रही है।
बीएमओ रामपुर डॉ. आरके नेगी ने बताया कि खांसी, जुकाम और गले संबंधी रोग होने पर तुरंत कोरोना जांच सुनिश्चित करें, जिससे संक्रमण को दूसरे व्यक्ति तक पहुंचने से रोका जा सके। उन्होंने संक्रमण से बचाव के लिए जारी टीकाकरण अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सभी पीएचसी और सीएचसी में कोरोना जांच और टीकाकरण अभियान चलाया गया है।