फ्रिज फटने से घर में रखा सामान हुआ तहस नहस।
- फोटो : RAMPUR-HP
ननखड़ी(रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की शोली पंचायत में मंगलवार सुबह सिलिंडर का कंप्रेशर फटने से महिला बुरी तरह से झुलस गई जबकि उसका बेटा आंशिक रूप से चोटिल हो गया है। घटना में महिला के मुंह, सिर और शरीर झुलस गया है, जिसे उपचार के लिए खनेरी अस्पताल लाया गया है। कंप्रेशर फटने के कारण एक मंजिला मकान के तीन कमरे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत के रूप में 10 हजार रुपये की राशि जारी की है।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे शोली गांव में फ्रिज का कंप्रेशर फट गया। हादसे के समय घर पर रेखा देवी पत्नी हेमराज और उनका बेटा मौजूद था। कंप्रेशर फटने के कारण हुए धमाके की चपेट में आने से रेखा देवी बुरी तरह से झुलस गई। उनका मुंह, सिर झुलस गयागया है जबकि धमाके के कारण मकान क्षतिग्रस्त होने से उसकी चपेट में आने के कारण बेटे को भी हल्की चोटें आई हैं। इस घटना से मकान में रखा सामान को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना में लाखों के नुकसान का अनुमान है। घटना की सूचना मिलते ही शोली पंचायत के प्रधान जियालाल लंबरदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से रेखा देवी को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया। जियालाल ने बताय कि हादसे की सूचना प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का जायजा लेने में जुटी है।
तहसीलदार ननखड़ी गुरमीत नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि मौके पर पटवारी को भेजा गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 10,000 रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। मकान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।