कोटखाई (रोहड़ू)। कोटखाई में शुक्रवार को कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं। इनमें से एक व्यक्ति विकास खंड कोटखाई का कर्मचारी है। कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद विकास खंड कार्यालय कोटखाई दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, दो कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति थरोला पंचायत के निवासी हैं। सभी कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को कोटखाई से डीडीयू अस्पताल शिमला रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि विकास खंड कोटखाई का कर्मचारी कुछ दिन पहले हिमाचल से बाहर गया था। वापस कोटखाई आने के बाद उसे जुकाम और बुखार की शिकायत हुई। इसके बाद उसने अपना कोरोना टेस्ट करवाया। कर्मचारी की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद खंड विकास कार्यालय को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं, कोरोनो पॉजिटिव के संपर्क में आए विकास खंड कार्यालय, तहसील कार्यालय और नगर पंचायत के कुल 21 कर्मचारियों के शुक्रवार को सैंपल लिए गए हैं, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को आएगी। सभी कर्मचारियों को होम क्वारंटीन किया गया है। इसके अतिरिक्त थरोला पंचायत में दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकले हैं, जिनकी कोई भी ट्रेवल हिस्ट्री नहीं थी। खंड स्वास्थ्य अधिकारी जुब्बल कोटखाई डॉ. शनीश चौहान ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव आए व्यक्तियों को डीडीयू अस्पताल शिमला रेफर किया गया है। विकास खंड कोटखाई के कर्मचारी के पॉजिटिव आने के बाद 21 अन्य कर्मचारियों के भी टेस्ट किए गए हैं जिनकी रिपोर्ट शनिवार को आएगी।