. बर्फबारी और सर्दी से निपटने के लिए पर्याप्त पेयजल भंडारण सुनिश्चित करें अधिकारी
. बैठक में बागवानी मंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। बर्फबारी और सर्दी के मौसम के मद्देनजर जिले के लोगों को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए समय पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करें। पानी के भंडारण टैंकों की समय-समय पर सफाई और गुणवत्ता का ध्यान रखें ताकि, लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने रिकांगपिओ में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में कोताही बरतने वाले ठेकेदारों के टेंडर निरस्त किए जाएंगे। मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को रिकांगपिओ में जल शक्ति विभाग और पूह मंडल के अधिशासी अभियंताओं के साथ बैठक की। विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति की रिपोर्ट का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में जल शक्ति विभाग के माध्यम से चल रहे लंबित विकास कार्यों को समय पर पूरे करें। जिन ठेकेदारों की ओर से विकास कार्यों में गुणवत्ता और ढील जैसी कोताही बरती जा रही है, उनके तुरंत टेंडर निरस्त करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विकासात्मक कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करते रहने और जमीनी स्तर पर कार्य करने को कहा, ताकि जनता के हित में चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियों और योजनाओं का लाभ लोगों को समय पर प्राप्त हो सके। बैठक में अधिशासी अभियंता रिकांगपिओ मंडल अभिषेक शर्मा, अधिशासी अभियंता पूह मंडल बाल कृष्ण और परियोजना अधिकारी एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना घनश्याम दास शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।