रामपुर में निकाली गई एंटी चिट्टा रैली, विद्यार्थियों और अधिकारियों-कर्मचारियों ने लोगों को किया जागरूक
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। रामपुर में सोमवार को एंटी चिट्टा रैली निकाली गई। रैली में सातवें वित्त आयोग अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। यह रैली रामपुर कॉलेज के परिसर से रामपुर बाजार से लेकर पदम छात्र स्कूल रामपुर तक निकाली गई। रैली में सरकारी, निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, आईटीआई प्रशिक्षुओं, वोकेशनल संस्थानों, एनसीसी, एनएसएस, विभिन्न विभागों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी और सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। रैली के दौरान नशा छोड़ो-जिंदगी नहीं, जन-जन को जगाना है, चिट्टे को भगाना है, चिट्टा त्यागो-जिंदगी नहीं के नारों से रामपुर क्षेत्र गूंज उठा। लोगों ने पोस्टरों, बैनरों और नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों को बारे जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि ने सभी से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे को जड़ से खत्म करने के लिए हमें सबसे पहले अपने घरों से शुरुआत करनी होगी। चिट्टा एक बहुत बड़ी समस्या है। नशे से सामाजिक, मानसिक और शारीरिक समस्याएं होती हैं। उन्होंने युवाओं से नशा छोड़ने का आह्वान किया। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य के साथ समाज के लिए गंभीर खतरा है। इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। पुलिस और प्रशासन अपना कार्य कर रहे हैं, लेकिन नशे के खिलाफ इस लड़ाई में समाज की जागरूकता और सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। इस दौरान डीएसपी नरेश शर्मा और पदम छात्र स्कूल रामपुर के प्रधानाचार्य राजेश परमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
रामपुर में एंटी चिट्टा रैली के जरिए नशा मुक्त समाज निर्माण का दिया संदेश। संवाद
रामपुर में एंटी चिट्टा रैली के जरिए नशा मुक्त समाज निर्माण का दिया संदेश। संवाद