पहाड़ी दरकने के कारण बाधित हुई समेज सरपारा सडक़। स्रोत : जागरूक पाठक
दोनों सड़कों की बहाली में लगेगा समय, बागवानों की बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल के दुर्गम क्षेत्र 15/20 की दो पंचायतों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। बुधवार रात को सरपारा को जोड़ने वाली सड़क पर पहाड़ी दरकने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वहीं, कूट पंचायत का संपर्क तीसरे दिन भी कटा हुआ है। कूट के बाद अब सरपारा पंचायत का उपमंडल से संपर्क कट गया है। सेब सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में बागवानों को अपनी नकदी फसल मंडी भेजने की चिंता सताने लगी है। यातायात कब बहाल होगा, इसे लेकर क्षेत्र के किसान-बागवान और ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़कों को बहाल करने की मांग उठाई है। बीते वर्षों की तरह इस वर्ष भी 15/20 क्षेत्र में बारिश ने अपना कहर बरपाया है। बीते दो दिन लगातार हुई बारिश के कारण बुधवार रात को समेज-सरपारा सड़क में पूरी ढांक ही खिसक गया। इस कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूट गया और पंचायत को जोड़ने वाली सड़क पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। वहीं, कूट पंचायत को जोड़ने वाली सड़क भी बरसात से जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। पंचायत के मोचा ढांक में स्थिति काफी खराब बनी हुई है। समेज में भारी भरकम पत्थर सड़क के बीचों बीच आ गए हैं, जिन्हें आसानी से नहीं तोड़ा जा सकता। गत वर्ष भी क्षेत्र में आई बाढ़ के कारण इस सड़क को कई स्थानों में क्षति पहुंची थी। दोनों पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। तीन दिन से ग्रामीण यातायात बहाली की राह ताक रहे हैं। लोक निर्माण विभाग सराहन के कनिष्ठ अभियंता लोकेंद्र सिंह ने बताया कि कूट और सरपारा पंचायत को जोड़ने वाली सड़कों को बहाल करने का कार्य चल रहा है। मौके पर मशीनें और मजदूर तैनात किए गए हैं। जल्द ही बाधित सड़कों को बहाल किया जाएगा।