ग्रामीण क्षेत्रों में तीन महीने से नहीं पंहुची गैस
विज्ञापन
लोगों को एजेंसी से लेना पड़ रहा सिलिंडर, घर तक पहुंचाने के लिए खर्च करने पड़ रहे 100 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)।
उपमंडल चौपाल में इन दिनों रसोई गैस सिलिंडरों की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्रामीण इलाकों में तीन महीने से गैस सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं हुई है। नगर पंचायत चौपाल में गैस एजेंसी संचालक की ओर से घरद्वार सिलिंडरों का वितरण नहीं किया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं को स्वयं गैस एजेंसी में पहले सुबह लाइन में खड़ा होना पड़ता है और उसके बाद मजदूर के जरिये बस अड्डे तक सिलिंडर लेने जाना पड़ता है। मजदूर को अतिरिक्त 100 रुपये देने पड़ते हैं। इससे अतिरिक्त पैसे भी खर्च करने पड़ रहे हैं। चौपाल में गैस एजेंसी की ओर से बस अड्डे के समीप सड़क पर ही ट्रक से सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है। उपभोक्ताओं से मजदूरी सहित सिलिंडर का दाम लिया जा रहा है। इसके बाद उपभोक्ताओं को सिलिंडर घर तक पहुंचाने के लिए अपने जेब से अतिरिक्त 100 रुपये प्रति मजदूर को देने पड़ रहे हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के महासचिव ज्ञान सिंह औकटा ने कहा कि नगर पंचायत चौपाल के उपभोक्ताओं को एजेंसी संचालक घरद्वार सिलिंडर वितरण करें और उपभोक्ताओं को सुविधा प्रदान करें। एसडीएम हेम चंद वर्मा ने एजेंसी को निर्देश दिए कि कि सभी उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने गैस एजेंसी के प्रभारी को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या देरी न हो।
सिलिंडरों की आपूर्ति कम आने से समस्या
गैस एजेंसी प्रभारी चौपाल गौरव पंवार ने कहा कि प्लांट से गैस सिलिंडरों की आपूर्ति कम आने के चलते समस्या आई है। निर्धारित तिथि पर नगर पंचायत चौपाल में सिलिंडरों की कमी के चलते आपूर्ति नही हो पा रही है। जल्दी ही गैस सिलिंडरों की घर द्वार आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।