रामपुर कॉलेज में एबीवीपी कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए| स्त्रोत: परिषद
विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने की प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर इकाई (एबीवीपी) ने वीरवार को महाविद्यालय परिसर में छात्र हितों और महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के ओल्ड कॉमर्स ब्लॉक की जर्जर भवन को सुधारने और पुराने बस अड्डे से महाविद्यालय के मुख्य द्वार तक पगडंडी निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठाई है। पत्रकारिता और जनसंचार विषय को पुन: सुचारु करने का आह्वान किया। स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार से जल्द कोई कदम उठाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि छात्र हितों से जुड़े इन मुद्दों की लगातार अनदेखी की गई, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार की होगी। एबीवीपी विभाग संयोजक रवि वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय ने विभिन्न मदों में फीस वृद्धि से विद्यार्थियों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ा दिया है। पुनर्मूल्यांकन शुल्क को 300 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दिया है, जो पूरी तरह अनुचित और छात्र विरोधी निर्णय है। परिषद लंबे समय से महाविद्यालय परिसर की आधारभूत सुविधाओं, पुराने बस अड्डे से मुख्य द्वार तक सुरक्षित पगडंडी निर्माण, पत्रकारिता और जनसंचार विषय को प्रारंभ करने की मांग उठा रही है, लेकिन अभी तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं उठाया गया।