कांग्रेस समर्थित चार उम्मीदवार जीते
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। नगर पंचायत चिड़गांव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने परचम लहराया है। नगर पंचायत में कांग्रेस समर्थित चार और दो आजाद उम्मीदवार विजयी हुए हैं। एक सदस्य को पहले निर्विरोध चुन लिया गया है। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की दावेदारी मजबूत है। नगर पंचायत चिड़गांव के वार्ड नंबर-एक में कांग्रेस समर्थित शमशेर सिंह को 179 मत और भाजपा समर्थित बबीता नेगी को 160 मत पड़े। शमशेर 19 मतों से विजयी हुए। वार्ड नंबर-तीन से आजाद प्रत्याशी पूनम कुमारी को 76 मत और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुन देवी को 52 मत पड़े। पूनम कुमारी 24 मतों से विजयी हुईं। वार्ड नंबर-चार से आजाद प्रत्याशी ललित सिंह को 102 मत और भाजपा समर्थित पुष्पा देवी को 93 मत पड़े। ललित सिंह ने नौ मतों से जीत हासिल की। वार्ड नंबर-पांच से कांग्रेस समर्थित सरला देवी को 98 मत, आजाद प्रत्याशी साहिल को 56 और आजाद प्रत्याशी मीरसुख को नौ मत प्राप्त हुए। सरला देवी ने 42 मतों से जीत हासिल की। वार्ड नंबर-छह से कांग्रेस समर्थित अनुराधा को 162 मत और आजाद प्रत्याशी नीतिशा को 134 मत मिले। अनुराधा 28 मतों से जीतीं। वार्ड नंबर-सात से कांग्रेस समर्थित कांता देवी को 97 वोट और भाजपा समर्थित प्रेम लता को 87 वोट पड़े। कांता देवी 10 मतों से जीतीं।