रोहड़ू। प्रदेश के सेब बहुल जिलों में एचपीएमसी की बदहाल स्थिति कांग्रेस सरकार के किसान विरोधी रवैये को उजागर कर रही है। एचपीएमसी की बदहाल स्थिति के लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेवार है। आज ये हालात हैं कि एचपीएमसी के स्टोर में स्प्रे ऑयल और आवश्यक बागवानी उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। यह बात भाजपा प्रवकता राकेश डोगरा ने कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने न तो समय रहते स्प्रे ऑयल की खरीद की और न ही एचपीएमसी के माध्यम से वितरण की कोई ठोस योजना बनाई। परिणामस्वरूप शिमला से किन्नौर तक बागवान परेशान और हताश हैं और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। निजी बाजार से महंगे दामों पर सामग्री खरीदने को मजबूर किसान यह सवाल पूछ रहा है कि फिर एचपीएमसी का अस्तित्व ही क्यों। डोगरा ने मांग उठाई कि सभी स्टोरों में स्प्रे ऑयल और आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं करवाए गए, तो भाजपा किसानों के साथ मिलकर प्रदेशव्यापी आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।