रामपुर बुशहर के खनेरी अस्पताल की छत जर्जर होने और प्लास्टर झड़ने से मरीजों की सुरक्षा खतरे में है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने और सीलन से परेशानी बढ़ गई है। प्रशासन ने शीघ्र मरम्मत का आश्वासन दिया है।
महिला, पुरुष वार्ड की छत मरम्मत के अभाव में हुई जर्जर, छत से टपकता है पानी संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। चार जिलों को स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले खनेरी अस्पताल की छत मरम्मत के अभाव में जर्जर होने लगी है। महिला और पुरुष वार्ड में छत से प्लास्टर उखड़ रहा है। साथ ही वार्डाें में सीलन है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने लगता है।
रोजाना शिमला, किन्नौर, कुल्लू और मंडी जिले के दुर्गम क्षेत्रों से मरीज बेहतर उपचार की आस में खनेरी अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं का अभाव उनकी परेशानी बढ़ा देता है। अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के ऊपर छत का प्लास्टर झड़कर गिरता रहता है। इससे मरीजों पर खतरा बना रहता है। कुछ साल पहले पावर ग्रिड ने अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आधारभूत ढांचा मुहैया करवाने के लिए लाखों रुपये की राशि जारी की थी। इसके बावजूद अस्पताल में सुविधाओं की हालत जस की तस है। क्षेत्र के हेमराज, माधवी, प्रियंका, सुषमा और रामलाल ने कहा कि अस्पताल की छत में सीलन आई है। बारिश के समय छत से पानी टपकता है, जबकि इन दिनों छत का प्लास्टर झड़कर गिर रहा है। इसके अलावा अस्पताल में पेयजल किल्लत का भी मरीजों और तीमारदारों को सामना करना पड़ता है। स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की अनदेखी मरीजों पर भारी पड़ रही है। ऐसी स्थिति में मरीजों की सुरक्षा और इलाज दोनों ही प्रभावित हो रहे हैं।
समस्या उनके ध्यान में है। अधिक बारिश होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। मौसम के अनुकूल होते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जल्द ही मरीजों की परेशानियां दूर होंगी। - डॉ. रोशन कौंडल, एमएस, खनेरी अस्पताल