रामपुर बुशहर। प्रदेश विश्वविद्यालय की यूजी की छठे सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान रामपुर कॉलेज में मॉर्निंग और इवनिंग सेशन में 421 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया। कोराना महामारी के चलते काफी दिनों से कॉलेज बंद होने के बाद पहली बार कॉलेज में प्रवेश करने पर छात्रों की चेहरे पर रौनक देखने का मिली।
परीक्षा के लिए कॉलेज प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे, ताकि किसी प्रकार शिक्षकों और छात्रों को परेशानी न हो। सुबह से ही परीक्षा देने के लिए रामपुर कॉलेज में पहुंचने वालों छात्रों की प्रवेश करने से पहले कॉलेज गेट के पास थर्मल स्कैनिंग की गई। परीक्षा देने वाले छात्रों को पूरी तरह से मास्क लगाकर कर परीक्षा केंद्र में आने के निर्देश जारी किए गए थे।
उधर, रामपुर कॉलेज के प्राचार्य केसी कश्यप ने बताया कि सोमवार को छठे सेमेस्टर का परीक्षा रामपुर कॉलेज में पूरी तरह से शांतिपूर्वक हुई। परीक्षा में मॉर्निग सेशन में 400 छात्रों और इवनिंग सेशन में 21 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने यूजी की छठे सेमेस्टर की परीक्षा को 19 अगस्त तक स्थगित करने का आदेश किया है, लेकिन सोमवार देर शाम तक कोई नोटिफिकेशन न आने के कारण इवनिंग सेशन की परीक्षा भी करवाई गई। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते कॉलेज गेट के पास सुरक्षा गार्ड और एनसीसी कैडेट्स की ओर से थर्मल स्कैनिंग करने के बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि कोराना महामारी से बचाव किया जा सके।