रिकांगपिओ (किन्नौर)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को किन्नौर जिले को लोगों को करोड़ों की सौगात दी। उन्होंने जिले में 62.17 करोड़ की विकासात्मक परियोजनाएं लोगों को समर्पित कीं। मुख्यमंत्री ने शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करोड़ों की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ के 2.55 करोड़ से निर्मित ओपीडी ब्लॉक और जेरियाट्रिक वार्ड, हंगोध्चूलिंग में 1.06 करोड़ से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, लियो में 90 लाख से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, 1.16 करोड़ से बने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लिप्पा के भवन, 1.75 करोड़ से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगी भवन, 84 लाख से बने राजकीय माध्यमिक पाठशाला युवारिंगी के भवन, 4.21 करोड़ से निर्मित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर भवन रिकांगपिओ जनता को समर्पित किया। इसके अलावा उन्होंने पूह में 1.79 करोड़ से बने स्टेडियम और सांगला तहसील में 6.52 करोड़ रुपये की लागत से बहाव सिंचाई योजना कामरू, सांगला में 4.16 करोड़ से मल निकासी प्रणाली, 63 लाख से बने सांगला के लिए ठोस कचरा प्रबंधन, कामरू पंचायत के बदंग में 32 लाख से निर्मित गोसदन, सापनी में 90 लाख से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। वहीं, बड़ा कंबा में 71 लाख से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और टापरी में स्थित दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मार्केट यार्ड और कृषि उत्पाद विपणन परिसर का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने रिकांगपिओ में 14.20 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग, रिकांगपिओ और कल्पा तहसील के समीपवर्ती क्षेत्रों के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, उपायुक्त कार्यालय रिकांगपिओ के समीप 45 लाख रुपये से हेड स्टोरेज जलाशय, निचार तहसील के कटगांव में 2.51 करोड़ रुपये के बाढ़ नियंत्रण कार्य, कामरू में 38 लाख रुपये की लागत से मुख्यमंत्री लोक भवन, सांगला में 93 लाख रुपये की लागत की बहुद्देशीय पार्किंग, भावानगर में 4.66 करोड़ रुपये से बनने वाले सराय भवन, काफनू में 78 लाख रुपये से बनने वाले हेलीपैड, टापरी में 2.39 करोड़ रुपये से बनने वाले संयुक्त कार्यालय भवन और लिप्पा से कारला के लिए 3.37 करोड़ रुपये से बनने वाली बहाव सिंचाई योजना के शिलान्यास किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किन्नौर जिले के लोगों के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। क्षेत्र की जनता के लिए 62.17 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाएं समर्पित की गई हैं। इसी प्रकार देश के लोगों के लिए भी यह एक स्वर्णिम दिन है। जहां, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान श्रीराम के मंदिर का भूमि पूजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे भगवान श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है। प्रदेश वन निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने जिले में करोड़ों रुपये की परियोजनाएं को समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कृषि ग्रामीण विकास, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक अर्जुन सिंह, जीतराम कटवाल, अध्यक्ष विपणन बोर्ड बलदेव भंडारी, अध्यक्ष एपीएमसी शिमला-किन्नौर नरेश शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. आरएन बत्ता, उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद सहित अन्य मौजूद रहे।