नेरवा (रोहड़ू) । स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर अभियान के तहत नगर पंचायत नेरवा ने कस्बे की गलियों में साफ-सफाई की। बाजार में पड़ा कूड़ा-कचरा उठाया और बंद पड़ी नालियों की सफाई की। नगर पंचायत नेरवा की अध्यक्ष बबिता तंगड़ाइक ने पार्षदों के साथ घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया। वार्ड-तीन में लोगों को कूड़ा सार्वजनिक स्थानों न फेंकने का आग्रह किया और नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों को कूड़ा देने के लिए कहा। उन्होंने लोगों से गीला व सूखा कचरा अलग-अलग देने की अपील भी की। साथ ही बताया कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे के निस्तारण के लिए भी नगर पंचायत ने अलग व्यवस्था की है। इस कचरे को भी अलग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मियां आने वाली हैं। सार्वजनिक जगहों पर फेंका कचरा अनेक प्रकार की बीमारियों का कारण बन सकता है। इस अवसर पर वार्ड पार्षद शूरवीर राणा, ईशा झगटा, संजय कुमार के अतिरिक्त नगर पंचायत के कर्मचारी भी उपस्थित रहे।