बोर्ड परीक्षा के बाद चर्चा करते हुए: संवाद
. बोर्ड परीक्षा में नकल का कोई मामला नहीं आया
. नोडल अधिकारी ने रचोली और सनारसा स्कूल का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के तहत बुधवार को दसवीं कक्षा की गणित की परीक्षा करवाई गई। बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने चित्रकला, ग्राफिक्स, मूर्तिकला और अनुप्रयुक्त कला ग्राफिक्स परीक्षा दी। रामपुर उपमंडल में 20 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। रामपुर के नोडल अधिकारी सुरेश कुमार की टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रचोली और सनारसा स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नकल का कोई मामला नहीं आया है। परीक्षा सुबह 9:45 से दोपहर 1:00 बजे तक चली। विद्यार्थियों को 15 मिनट का समय प्रश्नपत्र पढ़ने, उत्तर पुस्तिका के पृष्ठों की गणना करने और उत्तर पुस्तिका पर अपने विचरण भरने के लिए दिए गए। परीक्षा में प्रश्न पत्र ए, बी, सी सीरीज में उपलब्ध करवाए गए। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में विद्यार्थी परीक्षाएं दे रहे हैं। परीक्षा में नकल का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। रेखा, सिमरन, शगुन और आर्यन सहित अन्य विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा कठिन थी। विद्यार्थी गणित की परीक्षा में पहले से ही डरे थे। कई विद्यार्थियों की परीक्षा अच्छी हुई, तो कई विद्यार्थियों ने परीक्षा में पूछे गए सवालों में से कुछ के उत्तर नहीं दे पाए। आज बारहवीं कक्षा की हिंदी, उर्दू और दसवीं कक्षा की 14 मार्च को विज्ञान और प्रौद्योगिकी की परीक्षा होगी। नोडल अधिकारी सुरेश कुमार नेगी ने कहा कि बुधवार को दो स्कूलों का निरीक्षण किया। स्कूल में विद्यार्थी आसाम से अपनी परीक्षा दे रहे थे। बोर्ड परीक्षाओं पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से परीक्षाओं पर नजर रखी जा रही है।