भावानगर (किन्नौर)। किन्नौर जिले के निचार खंड में सब्जी और फलों के अधिक दाम वसूलने पर अब चालान नहीं बल्कि दुकान सील की जाएगी। कर्फ्यू में ढील के दौरान लोगों को जरूरी सामान सही दाम पर मिले इसके लिए प्रशासन की टीमें गांवों में जाकर निरीक्षण कर रही हैं।
सोमवार को एसडीएम भावानगर मनमोहन ने स्थानीय बाजार में सब्जी की दुकानों में रेट लिस्ट चेक की। उनके साथ तहसीलदार रोशन लाल कपाटिया भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि निचार खंड के किसी भी गांव में सामान के मनमाने दाम वसूलने की शिकायत आई तो प्रशासन दोषी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि दुकानों में मोटे अक्षरों में लिखी रेट लिस्ट लगाएं। ताकि लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए दूर से ही सब्जियों के दाम नजर आएं। उन्होंने सभी दुकानदारों को कहा कि वे अपनी दुकान के आगे रंग लगाकर एक-एक मीटर की दूरी में गोला बनाएं। हर ग्राहक को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए गोले में खडे़ रहकर खरीदारी करने को कहें।
निचार खंड के गांवों में प्रशासन की ओर से निरीक्षण किया जा रहा है। भावानगर में सब्जी विक्रेताओं को कहा कि यदि ज्यादा दाम वसूले तो अगली बार चेतावनी नहीं सीधे दुकान सील की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया है कि वे कर्फ्यू में ढील के दौरान जब जरूरी सामान खरीदने आते हैं तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।