रामपुर, बायल और झाकड़ी में किया प्रदर्शन, जमकर की नारेबाजी
महंगाई, बेरोजगारी चरम पर, बजट में नहीं मिला कुछ : अमित
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शुक्रवार को सीटू से संबंधित यूनियनों ने हल्ला बोला। रामपुर, बायल और झाकड़ी में धरना-प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शन में सीटू जिला अध्यक्ष कुलदीप डोगरा, उपाध्यक्ष रणजीत और सचिव अमित विशेष रूप से मौजूद रहे। सीटू जिला सचिव अमित ने कहा कि नौ अगस्त का दिन ब्रिटिश शासन से आजादी के लिए भारत के संघर्ष में एक अनूठा ऐतिहासिक महत्व रखता है। आज देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है, जिसका सबसे ज्यादा असर युवाओं पर पड़ रहा है। खाद्य पदार्थों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। 23 जुलाई को एनडीए सरकार की ओर से संसद में पेश किया 2024-25 का बजट निराशाजनक है। बजट न तो किसानों और न ही कृषि मजदूरों के हित में है, बल्कि पूरी तरह से मजदूरों और आम जनता के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सरकार की कॉरपोरेट समर्थक, जनविरोधी और राष्ट्र विरोधी नीतियों का मुकाबला करने के लिए मेहनतकश अवाम को एकत्रित होकर कॉरपोरेट भारत छोड़ो का नारा बुलंद करने की जरूरत है। इस मौके पर दिनेश मेहता, नीलदत्त, आनंद मेहता, संजीव, कामराज, गुरदास, सूरम लाल, सुनील, राजपाल, मोहर सिंह, ब्रिकम, मेहर सिंह, भूवनेश, मंजीत, ललिता, उर्मिला, मंजू, ललिता, फुलवती, मोहर, मुनी, कर्म चंद और प्रमोद सहित अन्य मौजूद रहे।
झाकड़ी में मांगों को लेकर प्रदर्शन करते सीटू कार्यकर्ता। संवाद