रामपुर बुशहर। पंचायतीराज चुनाव का मैदान पूरी तरह सज गया है। चुनाव चिन्ह मिलते ही चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने प्रचार का दायरा बढ़ा दिया है। विकास खंड की एक पंचायत निर्विरोध चुनने के बाद अब 35 पंचायतों में प्रधान पद के लिए 154, जबकि उपप्रधान पद के लिए 166 उम्मीदवारों में मुकाबला होगा।
गौरतलब है कि पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर 17, 19 और 21 जनवरी को तीन चरणों में मतदान होगा। मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए विकास खंड में कुल 221 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। ब्लॉक में एक अति संवेदनशील और पांच संवेदनशील पोलिंग बूथ भी चिन्हित किए गए हैं। पूर्व में जहां रामपुर ब्लॉक में कुल 31 पंचायतें थीं वहीं, इस बार पांच नई पंचायतों का गठन किया गया है। इनमें से क्याव पंचायत निर्विरोध चुनकर आई हैं, जबकि 35 पंचायतों के लिए अब चुनाव होगा। इन पंचायतों से प्रधान पद के 154 और उप प्रधान पद के लिए 166 उम्मीदवार चुनाव मैदान में एक दूसरे को टक्कर देंगे। विकास खंड अधिकारी केआर कपूर ने बताया कि विकास खंड में मतदान के लिए 221 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। ब्लॉक की धारगौरा पंचायत की धार प्राथमिक पाठशाला, रचोली पंचायत के प्राथमिक स्कूल रचोली, कूहल पंचायत की प्राथमिक पाठशाला पटैना, प्राथमिक पाठशाला कूहल और काशापाट पंचायत स्थित प्राथमिक पाठशाला पाट संवेदनशील, जबकि देवठी पंचायत में एक अति संवेदनशील बूथ स्थापित किया गया है। उन्होंने विकास खंड के लोगों से अपने महत्वपूर्ण मत का प्रयोग कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए मतदाता और चुनाव कर्मियों को सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने की अपील की है।