विधायक जगत सिंह नेगी के साथ पूह, मोरंग और रिब्बा जिला परिषद के उम्मीदवार ।
- फोटो : RAMPUR-HP
पूह (किन्नौर)। किन्नौर में विधायक जगत सिंह नेगी ने कांग्रेस समर्थित अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। किन्नौर कांग्रेस प्रवक्ता केसर नेगी ने कहा कि पूह खंड की तीनों जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। केसर नेगी ने कहा कि विधायक जगत सिंह नेगी ने स्पीलो में समस्त पूह ब्लॉक बीसीसी की बैठक बुलाकर जिला परिषद उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन किया और सर्वसम्मति से अपने सबसे सशक्त उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
पूह खंड के तीन जिला परिषद वार्डों में से पूह वार्ड से संजीव खरवा ग्राम नाको को इस बार पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया। मोरंग वार्ड से उमेश नेगी ग्राम मोरंग को उतारा गया। पूह खंड के रिब्बा जिला परिषद वार्ड से वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता विनोद कुमारी नेगी ग्राम रिस्पा पर इस बार पार्टी का समर्थन मिला है। जगत सिंह नेगी ने कहा कि कांग्रेस पंचायतीराज चुनाव में सभी मोर्चों पर प्रचंड जीत हासिल करेगी। भाजपा की ओर से जारी किए गए रोस्टर में भारी अनैतिक फेरबदल के बावजूद आज भाजपा अब तक अपने उम्मीदवार घोषित करने में असफल रही है। आने वाले एक दो दिन में पार्टी जिले के अन्य दो ब्लॉकों के उम्मीदवारों की भी घोषणा कर देगी। इस अवसर पर किन्नौर कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, रोशन लाल नेगी, उपाध्यक्ष नरेश नेगी, अध्यक्ष पूह ब्लॉक कांग्रेस प्रेम कुमार नेगी, प्रवक्ता जिला कांग्रेस कमेटी केसर नेगी, महासचिव रिंगचेन बिष्ट, पूह ब्लॉक उपाध्यक्ष प्रेम सिंह, राजेंद्र मेहता सहित पूह ब्लॉक के तमाम ब्लॉक पदाधिकारी और बीसीसी अध्यक्ष विधायक जगत सिंह नेगी के साथ मौजूद रहे।