वाहन की तलाशी के दौरान 9 ग्राम चिट्टा हुआ बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। पुलिस ने गजेड़ी में 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गजेड़ी क्षेत्र में सड़क के किनारे एक वाहन में सवार तीन व्यक्ति चिट्टा की खरीद-फरोख्त करने की फिराक में हैं। सूचना पाकर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के पास से 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान जुब्बल तहसील के मधोल गांव निवासी 38 वर्षीय राजेश चौहान, जुब्बल के ही डीम निवासी अंशुल शर्मा और कोटखाई मुख्य बाजार निवासी 29 वर्षीय मानिक सूद के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल किया है। मामले में यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि तीन लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी चिट्टा कहां से लाए थे और कहां आपूर्ति की जानी थी, इसके बारे में पुलिस जांच कर रही है।