चौपाल (रोहड़ू)। विधानसभा क्षेत्र चौपाल में सभी विकास कार्य ठप पड़े हैं। यह बात पूर्व विधायक डॉ. सुभाष मंगलेट ने प्रेस को जारी बयान में कही। उन्होंने कहा कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं की हालत दयनीय हो चुकी है। चुनावों के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में कांग्रेस सरकार नाकाम रही है। स्कूलों में अध्यापकों के सैकड़ों पद रिक्त पड़े हैं। लोक निर्माण विभाग में अधिशासी अभियंता का पद रिक्त है और सड़कों की हालत दयनीय है। उन्होंने कहा कि बर्फबारी का समय आ गया है और विभाग ने कोई इंतजाम नहीं किए हैं। कई विभागों में कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हैं। चौपाल में कई विभागों में धांधली और भ्रष्टाचार पनप रहा है। कुछ चुनिंदा लोगों को अधिकारी फायदा दे रहे हैं और धरातल पर कोई विकास नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा की चौपाल में परिवहन निगम की खटारा बसें चलाई जा रही हैं, जो बीच रास्तों में खड़ी हो रही हैं और सवारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। 26 बसों के रूट बंद किए गए हैं और कई रूट क्लब किए गए। ग्रामीणों को निजी वाहनों में सफर कर भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि चौपाल की जनता की भी सुध लें। मंगलेट ने चौपाल से संबंध रखने वाले सुरेंद्र शर्मा को एचपीएमसी उपाध्यक्ष बनने पर बधाई दी और कहा कि वे विकास की गति को आगे बढ़ाएं।