निरमंड से बागीपुल, बागीपुल से बागा सराहन और रेहची से खड़ी सडक़ की सुधरेगी हालत
बागा-सराहन स्कूल भवन पर भी खर्च होगी दो करोड़ रुपये की राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। उपमंडल निरमंड के हजारों लोगों की यातायात संबंधी समस्याएं जल्द ही दूर होंगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने क्षेत्र की सड़कों के कायाकल्प और स्कूल भवन निर्माण के लिए करीब 6.60 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बागा-सराहन प्रवास के दौरान क्षेत्र के लोगों को सड़क सुधारने और स्कूल भवन बनाने का आश्वासन दिया था। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन योजनाओं के लिए राशि स्वीकृत की गई है, उनमें प्रमुख रूप से सड़कों के चौड़ीकरण और स्कूल भवन का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने निरमंड से बागीपुल सड़क के चौड़ीकरण के लिए दो करोड़, बागीपुल से बागा-सराहन सड़क के विस्तार के लिए दो करोड़, रेहची से खणी सड़क पर मेटलिंग और टारिंग के लिए 50 लाख स्वीकृत किए हैं। साथ ही डंगा निर्माण के लिए 10 लाख और बागा-सराहन स्कूल भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ की मंजूरी दी है। जिला शिकायत निवारण कमेटी कुल्लू के सदस्य चेतन चौहान ने बताया कि उन्होंने बीते रोज मुख्यमंत्री से शिमला में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने आनी विस क्षेत्र की विभिन्न सडक़ों और स्कूल के 6.60 करोड़ रुपये मंजूर करने की बात कही है।