चौपाल में रसोई गैस के लिए लाइनों में खड़े लोग
चौपाल में बढ़ रही सिलेंडर की किल्लत, घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे उपभोक्ता
संवाद न्यूज़ एजेंसी
चौपाल(रोहड़ू )। चौपाल क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत के चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलिंडर की पर्ची कटवाने के लिए लोगों को कई-कई घंटे लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस सिलिंडर लेने के लिए सुबह से ही लोग गैस एजेंसी के बाहर पहुंच रहे हैं और अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद जब पर्ची कटवाने की प्रक्रिया पूरी होती है, तो कई बार सिलिंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है। वहीं, उपभोक्ताओं को ओटीपी मिलने में भी देरी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। समय पर ओटीपी नहीं आने के कारण सिलिंडर लेने की प्रक्रिया और लंबी हो रही है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि एक तरफ सिलिंडर की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है, वहीं तकनीकी प्रक्रिया में देरी के कारण परेशानी और बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित गैस एजेंसी और प्रशासन से मांग की है कि चौपाल में सिलिंडर की नियमित एवं पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को घंटों कतार में खड़े होकर परेशान न होना पड़े। उपभोक्ताओं ने ओटीपी व्यवस्था में आ रही समस्या को भी जल्द दूर करने की मांग की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा ने कहा कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तु होने के कारण घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू रहना बेहद जरूरी है। यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ सकती है और जन आंदोलन होगा