बर्फ के नीचे दबी पेयजल लाइनों को पहुंची क्षति, पेयजल के लिए जूझ रहे उपभोक्ता
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल में भारी बर्फबारी के बाद अभी तक दुश्वारियां बरकरार हैं। नगर पंचायत चौपाल की पेयजल आपूर्ति के लिए बिछाई गई जल शक्ति विभाग की पेयजल लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है। बर्फ के नीचे दबे होने के कारण कई स्थानों पर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे पेयजल लाइन के विभिन्न हिस्सों में पानी का रिसाव (लीकेज) शुरू हो गया था। इससे पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है। अधिशासी अभियंता जल शक्ति मंडल नेरवा रजनीश वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में बर्फ हटने के बाद जब विभाग ने निरीक्षण किया, तो पेयजल लाइन में कई जगह बड़े डैमेज पाए गए। पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने से नगर पंचायत चौपाल समेत कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट पैदा हो गया है। चौपाल शहर में दिन के समय यातायात का भारी दबाव रहता है, जिससे मरम्मत कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही थी, इसलिए विभाग ने निर्णय लिया कि जनता की सुविधा के लिए यह कार्य रात के समय किया जाएगा। जल शक्ति विभाग ने इस कार्य के लिए विशेष रूप से वेल्डर नियुक्त किए हैं। विभाग के कर्मचारी कड़ाके की ठंड के बावजूद रात आठ बजे के बाद मोर्चा संभाल रहे हैं और क्षतिग्रस्त हिस्सों को वेल्डिंग के जरिये ठीक किया जा रहा है।
भारी बर्फबारी और विषम परिस्थितियों के बावजूद विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है। हमारी प्राथमिकता आम जनता को बिना किसी बाधा के सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना है ।-रजनीश वर्मा, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग