भावानगर (किन्नौर)। निचार तहसील की तरांडा पंचायत हाईटेक कैमरों से लैस हो गई है। पंचायत के निगुलसरी बाजार, पंचायत भवन और दुर्गा मंदिर में अब तीसरी आंख का पहरा रहेगा। ऐसे में चोरी की वारदातों के साथ ही शरारती तत्वों पर भी लगाम लगेगी। पंचायत प्रधान हरी भगत ने बताया कि प्रदेश वन विकास निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी के प्रयासों से पंचायत के विभिन्न स्थानों पर पांच लाख रुपये की लागत से हाईटेक कैमरे स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हाईटेक कैमरों के स्थापित होने से निगुलसरी बाजार में दुकानों, मंदिर और के साथ ही गांव की सुरक्षा भी पुख्ता होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में गांवों में मॉर्डन स्कूल निगुलसरी, यात्री निवास और सड़क कार्य सहित अनेक विकास कार्य हो रहे हैं। तरंडा हाईटेक कैमरों से लैस होने वाली जिले की पहली पंचायत बन गई है। ग्रामीणों ने इसके लिए प्रदेश वन विकास निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी, पंचायत प्रधान हरी भगत, भाजयुमो जिला अध्यक्ष प्रवीण मोयान, ग्राम केंद्र अध्यक्ष संजीव बीजू सहित अन्यों का आभार जताया है।