गाड़ी चोरी का मुख्य सरगना भी पुलिस के हत्थे चढ़ा
ठियोग (रामपुर बुशहर)। पिछले दिनों ठियोग के साथ लगते फागू के पास से चोरी हुई बोलेरो को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से बरामद कर लिया है। बोलेरो गाड़ी संख्या एचपी 09बी को अज्ञात चोरों ने उड़ा लिया था, जिसके बाद मामले की शिकायत की गई। फागू पुलिस चौकी के इंचार्ज नरेंद्र कुमार ने बताा कि छानबीन शुरू की तो पता चला कि शातिर तरीके से सोलन नंबर प्लेट लगाकर गाड़ी को हिमाचल से बाहर ले जाया गया। इसके बाद पंजाब पार करवाने के लिए पहले वाला नंबर लगा दिया। लखनपुर पहुंचने के बाद गाड़ी में जम्मू का नंबर लगा दिया। पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ती हुई लगातार चोरों का पीछा कर रही थी। इसके बाद गाड़ी को राजौरी में पुलिस ने पकड़ लिया। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जोकि गाड़ी चोरी गिरोह का मुख्य सरगना है। आरोपी की पहचान मोहम्मद अशरफ पुत्र मोहम्मद हुसैन डाकखाना मंझीकोट राजौरी, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि चार अन्य लोग भी इसमें शामिल हैं। यह गिरोह पंजाब, हिमाचल और हरियाणा से गाड़ियों को चुराता था।