ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराहन के एनएसएस स्वयंसेवियों और जुजुराना ईको क्लब के छात्रों ने सराहन बाजार में रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के बारे में जागरूक किया। केंद्र सरकार की ओर से प्रायोजित कार्यक्रम स्वच्छता पखवाड़ा, स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां करवाई जा रही हैं। इसी कड़ी में स्वच्छता प्रतिज्ञा, नारा लेखन प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, स्कूल परिसर में सफाई और रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी दिनेश चौहान, भावना कंवर, ईश्वर ठाकुर और ईको क्लब के प्रभारी सत्य देव शर्मा मौजूद रहे।