हादसे में जान गंवाने वाले कारोबारी राजेश शर्मा। संवाद
सोमवार शाम को हादसा, मंगलवार दोपहर को मिली कार और शव.
लूहरी-सुन्नी मार्ग पर नौरी में हुआ हादसा, जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन थाना के तहत लूहरी-सुन्नी मार्ग पर नौरी में सोमवार शाम को एक कार सतलुज नदी में जा गिरी। हादसे में कार चला रहे कुमारसैन के कारोबारी की मौत हो गई। कार और शव को एनडीआरएफ के गोताखोरों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद मंगलवार को नदी से निकाला। हादसा सोमवार शाम को हुआ। स्थानीय लोगों ने लूहरी-सैंज की ओर जा रही एक सफेद और चांदी के रंग की कार को नौरी के पास सतलुज नदी में गिरते हुए देखा। देखते ही देखते कार नदी में समा गई। लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सैंज चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने तक नदी के किनारे पर खोज की गई, लेकिन कार का कोई पता नहीं चला। रात को खोज अभियान बंद किया गया। मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। गोताखोरों ने नदी को खोज अभियान चलाया। दोपहर बाद गोताखोर को नदी में डूबी हुई कार मिल गई। एनडीआरएफ और पुलिस के जवानों ने रस्सियां से बांधकर कार को उथले पानी तक निकाला। कार में एक चालक का शव भी था। मृतक की पहचान कुमारसैन क्षेत्र के बड़ोगी गांव निवासी एवं कुमारसैन बाजार के प्रतिष्ठित कारोबारी राजेश शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, राजेश शर्मा की मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। दुर्घटना के बाद विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं खोज अभियान की निगरानी की। विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए। इस दौरान एसडीएम कुमारसैन मुकेश शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए अभियान की लगातार निगरानी की। विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा प्रशासन और प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।