मृतक टैक्सी यूनियन निरमंड प्रधान जय सिंह सवारियां लेकर गया था जाओं
विज्ञापन
मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड(कुल्लू)। निरमंड उपमंडल के बागीपुल-जाओं-ठारला सड़क से सोमवार शाम को एक कार खाई में जा गिरी। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि इसमें कार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक की पहचान कुल्लू जिला के तहसील निरमंड, गांव झियारा निवासी जय सिंह, पुत्र मनसा राम के रूप में हुई है। जय सिंह टैक्सी यूनियन निरमंड के प्रधान थे। पुलिस थाना निरमंड की जानकारी के मुताबिक सोमवार को एक टैक्सी एरटिगो एचपी 01एए-0144 में सवारियां लेकर चालक जय सिंह बागीपुल से जाओं गया। शाम करीब 4:40 बजे वापस आते वक्त ढारे परेश नामक स्थान में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खोया और टैक्सी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे कुर्पण खड्ड में जा गिरी। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। जब यह हादसा हुआ तो एक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग इधर-उधर से इकट्ठे हुए और घटनास्थल की ओर भागे। यहां देखा तो टैक्सी कुर्पण खड्ड में दुर्घटनाग्रस्त हुई है और चालक की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस थाना निरमंड को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मृतक चालक को घटनास्थल से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए निरमंड अस्पताल पहुंचाया है। मंगलवार को मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की जांच जुटी हुई है। कुल्लू के एसपी मदन लाल ने बताया कि सड़क हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए निरमंड अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस हादसे की छानबीन कर रही है।
बागीपुल जाओं सडक़ से खाई में गिरी कार। स्रोत : जागरूक पाठक