टील शेड में खाना खा रहे दो लोगों को भी लगीं चोटें
टापरी थाना के तहत मीरु में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर/भावानगर (किन्नौर)। किन्नौर के टापरी थाना के तहत मीरु (रागलें) में कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। कार एक टीन शेड से भी टकराई। इससे अंदर खाना खा रहे दो नेपाली लोगों को भी चोटें आई हैं।
कार सवार पांचों घायलों को रामपुर के खनेरी असप्ताल में रेफर कर दिया है। हादसा मंगलवार दोपहर को हुआ। मीरू बस स्टैंड के पास से कार गहरी खाई में गिर गई। कार और भी नीचे जा सकती थी, लेकिन पहले वह टीन शेड से टकराई। फिर करीब 60 मीटर नीचे जाकर झाड़ियों के बीच फंस गई। हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग दुर्घटनाग्रस्त कार के पास पहुंचे। साथ टापरी थाना में भी सूचना दी। लोगों ने घायलों को सड़क तक पहुंचाया। यहां से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टापरी पहुंचाया गया। पीएचसी टापरी में कार सवार पांचों घायलों को उपचार के बाद रेफर कर दिया, जबकि दोनों नेपाली व्यक्तियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। कार सवार घायलों की पहचान सुखीराम, उनकी पत्नी यंकित और बेटा साहिल निवासी चगांव तहसील निचार जिला किन्नौर शामिल है। इसके अलावा छेवन छेरिंग और उनका बेटा अभय निवासी गांव मीरू तहसील निचार भी घायल हुए हैं। टापरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।