आनी कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर के समापन अवसर पर मौजूद स्वयं सेवी और शिक्षक। संवाद
आनी (कुल्लू)। राजकीय महाविद्यालय आनी स्थित हरिपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का मंगलवार को समापन हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक और लोकनृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की सह कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सीमा वर्मा ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि सहित अन्य लोगों का स्वागत किया। शिविर की गर्ल कमांडर पायल कुमारी ने सभी के समक्ष सात दिन की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सात दिवसीय विशेष शिविर में स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के सौंदर्यीकरण के कार्यों में अपना श्रमदान किया। स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रत्येक दिन अकादमिक सत्र में विशेषज्ञों ने विभिन्न विषय पर स्वयंसेवकों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुंवर दिनेश सिंह बतौर मुख्यातिथि और भौतिक विभाग के आचार्य नरेंद्र पॉल विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। डॉ. कुंवर दिनेश सिंह ने विशेष शिविर के सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम के अधिकारियों और स्वयंसेवकों को बधाई दी। समाज के प्रति स्वयंसेवकों के जज्बे की सराहना की। विशेष शिविर में भाग लेने वाले समस्त स्वयंसेवकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, राष्ट्र निर्माण एवं समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा भाव विकसित होता हैं। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विजय कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।