केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ में 64 विद्यार्थियों ने सीखे नेतृत्व व सेवा के गुर
दो दिवसीय स्काउट्स एवं गाइड टेस्टिंग और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ(किन्नौर)। केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ में दो दिवसीय स्काउट्स एवं गाइड्स टेस्टिंग एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 64 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और अन्य जीवनोपयोगी कौशल विकसित करना रहा।
शिविर के कैंप डायरेक्टर एवं वेन्यू प्रभारी विद्यालय के उप-प्राचार्य अनूप माथुर रहे, जबकि कैंप का संचालन कैंप लीडर हीरा सिंह नेगी ने किया। ज्ञानवती, ममता चौधरी और अचल पाल सिंह ने विभिन्न गतिविधियों का मूल्यांकन और परीक्षण किया। शिविर में विद्यालय के 38 स्काउट्स और 26 गाइड्स ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को ध्वजारोहण, ध्वज शिष्टाचार, स्काउट-गाइड प्रतिज्ञा और नियमों की जानकारी दी। साथ ही गांठें बांधने की तकनीक, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, कैंप क्राफ्ट, टेंट लगाने की विधि, टोली प्रणाली और मानचित्र अध्ययन का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा दिशा ज्ञान, ट्रैकिंग, अनुशासन, नेतृत्व विकास, सामुदायिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान जैसी व्यावहारिक गतिविधियों का भी अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों की विभिन्न दक्षताओं का परीक्षण भी किया गया, ताकि उन्हें आगामी चरणों और उच्च स्तरीय प्रमाणन के लिए तैयार किया जा सके।
शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को सेवा, सहयोग, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना के साथ समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह में उप-प्राचार्य अनूप माथुर ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविरों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना का विकास होता है। विद्यालय प्रशासन ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी परीक्षकों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना की।