12 अक्तूबर को होंगे बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन के चुनाव
. 4 और 5 को भरे जाएंगे नामांकन, खनेरी स्थित यूनियन कार्यालय में होगा मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
द बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन रामपुर की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यूनियन की नई कार्यकारिणी के लिए 12 अक्तूबर को मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया को लोकतांत्रिक और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने का निर्णय लिया गया है। यूनियन के कार्यकारी महासचिव मस्त राम कश्यप ने बताया कि हाल ही में आयोजित आम सभा में सदस्यों ने नई कार्यकारिणी के गठन के लिए लोकतांत्रिक एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने का निर्णय लिया था। इसके बाद चुनाव कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 4 और 5 अक्तूबर को पूर्वाह्न 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक खनेरी स्थित यूनियन कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 8 अक्तूबर को सुबह 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक की जाएगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। नई कार्यकारिणी के लिए 12 अक्तूबर को सुबह 9:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक मतदान होगा। मतदान यूनियन कार्यालय खनेरी में करवाया जाएगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना शुरू की जाएगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। यूनियन पदाधिकारियों ने सभी पात्र सदस्यों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। साथ ही चुनाव के दौरान शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल बनाए रखने का आग्रह किया गया है। यूनियन के अनुसार पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाई जाएगी।