पदम छात्र स्कूल में तीन दिन तक चलेगा वॉलीबॉल का रोमांच
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पदम स्कूल रामपुर में वीरवार से बुशहर वॉलीबॉल लीग का शुभारंभ हो गया। फ्रेंचाइजी पर आधारित इस प्रतियोगिता में तीन जिलों शिमला, कुल्लू, किन्नौर और साथ लगते क्षेत्रों की 8 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी मिलाप ठाकुर ने किया। अगले तीन दिन तक पदम स्कूल में वॉलीबॉल के बेहतरीन मुकाबले देखने को मिलेंगे। दूधिया रोशनी में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य पर युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल धारा से जोड़ने के उद्देश्य को लेकर लवी मेला समिति और रामपुर वॉलीबॉल एसोसिएशन की ओर से बुशहर वॉलीबॉल लीग का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का पहला मैच सूर्यावंशी स्मेशर और सुंगरी स्मेशर के बीच हुआ। इस प्रतियोगिता में शहीद पवन दंगल यूनाइटेड क्लब ज्यूरी, पाइन व्यू थंडरबोल्ट, किन्नौर कैलाश स्मेशर, सूर्यावंशी स्मेशर, नीलकंठ वॉरियर 9/20, मां मनसा वॉरियर, श्रीखंड आईबेक्स और सुंगरी स्मेशर टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाली टीम को 61 हजार नकद और ट्रॉफी, द्वितीय स्थान पाने वाली टीम को 41 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के समापन पर एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह बतौर मुख्यातिथि मौजूद होकर विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। रामपुर वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष यशविंदर ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवा खिलाड़ी रामपुर, किन्नौर, आनी, निरमंड और कुमारसैन क्षेत्र से संबंधित हैं। उन्होंने खेल प्रेमियों से तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का भरपूर आनंद लेने का आह्वान किया है। इस मौके पर रामपुर वॉलीबॉल एसोसिएशन के विनोज नेगी, आशु ठाकुर, चेतन शर्मा, रवि, हैप्पी सनाटू, प्रतीक शर्मा, मियुल ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।