आनी (कुल्लू)। जिला कुल्लू की रघुपुर घाटी के अंतिम गांव भी बस सुविधा से जुड़ने जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को पास करने के लिए शुक्रवार को रोहाचला से जुहड़ निचली फनौटी के लिए बस का सफल ट्रायल किया। शुक्रवार को तहसीलदार आनी दलीप शर्मा, एसडीओ लोनिवि ज्ञान भारती, अड्डा सह प्रभारी रमेश ठाकुर की अगुवाई में बस का ट्रायल किया गया। ग्रामीणों ने निरीक्षक टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया। साढ़े तीन किलोमीटर सड़क का फनौटी पंचायत की करीब 1,000 आबादी को लाभ मिलेगा। उन्हें अब मीलों पैदल चलने से राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग अब पूरी हुई है। पंचायत समिति सदस्य जोत राम का कहना है कि अब उपमंडल मुख्यालय आनी और जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए जनता को परेशान नहीं होना पड़ेगा। किसान-बागवान अपने उत्पादों को मंडियों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे। सिलिंडर गैस की सुविधा भी अब घरद्वार मिलेगी।