चार पंचायतों के हजारों लोग झेल रहे परेशानियां
निजी वाहनों में अधिक किराया देकर सफर करने को मजबूर
2 सितंबर को सांगला बस अड्डा के समीप सड़क का ढह गया था हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर) एक माह से किन्नौर जिले की सांगला वैली के हजारों ग्रामीण बस सेवा की समस्या से जूझ रहे हैं। देश की सीमा को जोड़ने वाली सड़क सांगला में भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। चार पंचायतों को बस सुविधा नहीं मिल पा रही है।
गौर हो कि दो सितंबर से सांगला बस अड्डे के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से यातायात ठप हो गया है। ऐसे में रक्षम, छितकुल, थेमगारंग और बटसेरी पंचायत के हजारों ग्रामीण बस सेवा से महरूम हैं। ग्रामीणों को आवाजाही के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निजी वाहनों में अधिक किराया अदा कर सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं वैकल्पिक सड़क पास न होने के कारण पथ परिवहन निगम प्रबंधन भी बस सेवाएं नहीं चला पा रहा है। सांगला वैली के लिए निगम की रिकांगपिओ-सांगला-छितकुल और सांगला-चंडीगढ़-छितकुल बस सेवाएं चलती थीं। सांगला में बस अड्डे के समीप सड़क भूस्खलन की चपेट में आने से बस सेवा ठप पड़ी है।
पूर्व प्रधान रक्षम टिकम सिंह नेगी, पूर्व उपप्रधान छितकुल अरविंद नेगी, प्रधान थेेमगांरग मनोहर देवी नेगी, सांगला मंडल आईटी संयोजक भाजपा हितेश पुजारी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि बस सेवा बंद होने से यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन और निगम प्रबंधन से जल्द टेंपो ट्रैवलर चलाने और पुल का निर्माण करने की मांग उठाई है।
उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक रिकांगपिओ अतुल गुप्ता ने कहा कि लोगों की सुविधाओं को देखते हुए टेंपो ट्रैवलर को चलाया जाएगा। वहीं, वैकल्पिक मार्ग पास नहीं हुआ है। पुल निर्माण के बाद बस सेवा बहाल कर दी जाएगी।