तीन दिन से नहीं चल रही बस, ग्रामीणों को हो रही परेशानी
कुल्लू-आनी वाया शुश रूट की बस भी निगम ने कर दी बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। माशनूनाला से रोहाचला सड़क पर चलने वाली एचआरटीसी बस सेवा पिछले तीन दिनों से बंद पड़ी है। खनेरनाला के पास सड़क पर डंगा न होने के कारण निगम ने सुरक्षा के मद्देनजर बस संचालन रोक दिया है। इससे पहले कुल्लू-आनी वाया शुश रूट की बस भी बंद की जा चुकी है।
रघुपुर घाटी की सात पंचायतों को जोड़ने वाली इस बस सेवा के ठप होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ-साथ मंडी, आनी उपमंडल और शिमला तक पहुंचना अब चुनौती बन गया है। खासकर मरीजों के लिए कुल्लू, रामपुर और शिमला जाना मुश्किल हो गया है। बस बंद होने से घाटी के लोगों को अब आठ से दस किलोमीटर दूर तक टैक्सी के सहारे सफर करना पड़ रहा है। इससे समय और पैसे दोनों की परेशानी बढ़ गई है।
स्थानीय निवासी मनोहर लाल, खेम राज, किशोरी लाल, उगम राम, सोहन लाल, प्रेम लाल और केहर सिंह ने बताया कि 2025 की आपदा के बाद बड़ी मुश्किल से यह बस सेवा बहाल हुई थी, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण इसे फिर बंद करना पड़ा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि खनेरनाला के इस क्षतिग्रस्त हिस्से को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त किया जाए।
एचआरटीसी के अनुसार नाले के पास सड़क धंसने से हादसे का खतरा है। पिछले सप्ताह कुल्लू-आनी वाया शुश रूट की बस भी बाल-बाल दुर्घटना से बची थी। इसी कारण एहतियात के तौर पर बस सेवा रोकी गई है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनीष कुमार ने बताया कि सड़क पर डंगा लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। इसे तीन से चार दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद बस सेवा बहाल होने की उम्मीद है।