जिले समेत आनी, निरमंड की सवा लाख की आबादी को मिली सुविधाबारिश के चलते एक महीने से बंद थी बस सेवा
कुल्लू से 2:00 बजे और आनी से सुबह 6:00 बजे चलेगी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। कुल्लू-आनी वाया जलोड़ी दर्रा बस सेवा एक महीने के बाद बहाल हो गई है। एचआरटीसी ने मार्ग पर बस सेवा शुरू कर दी है।बरसात में हाईवे-305 के बार-बार अवरुद्ध होने से बस सेवा बंद रही। अब हाईवे के दुरुस्त होने पर निगम ने बस का संचालन आरंभ कर दिया है। बस सेवा शुरू होने से कुल्लू के साथ आनी-निरमंड की सवा लाख आबादी के साथ बंजार घाटी के जिभी, घियागी और सोझा के हजारों लोगों को राहत मिली है।
बस दोपहर 2:00 बजे कुल्लू से और अगले दिन सुबह 6:00 बजे आनी से कुल्लू आएगी। औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 जुलाई से बारिश के कारण वाहनों के लिए अवरुद्ध रहा। इससे निगम ने बस सेवा को बंद कर दिया था। बस और सवारियों की सुरक्षा के लिए निगम ने बस सेवा बंद कर दी थी। अब सितंबर में बरसात भी जाने वाली है।
इस वजह से एचआरटीसी कुल्लू ने बस सेवा आरंभ कर दी है। इसका लाभ जिला कुल्लू के बाह्य सराज की जनता को मिला है। बस की समयसारिणी पहले वाली ही रहेगी। लाल चंद ठाकुर, टिकम राम, मनोहर लाल, देवी सिंह और भगवान दास ने कहा कि यह बस सुबह 6:00 बजे आनी से कुल्लू के लिए चलती है। ऐसे में कई लोग जिला मुख्यालय में अपने काम निपटाकर दोपहर बाद 2:00 बजे घर वापस आ जाते हैं। दूसरी बसों में लोगों को तीन दिन का समय लगता है। बाह्य सराज के लोगों ने बस शुरू करने के लिए निगम का आभार जताया है। एचआरटीसी बंजार के अड्डा प्रभारी ओम सिंह ने कहा कि बस सेवा इसी सप्ताह आरंभ हुई है।