आनी (कुल्लू)। पिछले कई दिनों से हो रही भारी बरसात के कारण आनी क्षेत्र की तमाम सड़कें अवरुद्ध हो गई थीं, जिससे क्षेत्रीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के कारण न केवल आंतरिक संपर्क मार्ग बंद हो गए थे, बल्कि लोगों का बाहरी क्षेत्रों से संपर्क भी टूट गया था। हालांकि, अब हालात धीरे-धीरे सुधरने लगे हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने मंगलवार को कुछ रूटों पर बस सेवाएं बहाल कर दी हैं। इसमें सबसे राहतभरी खबर यह है कि आनी से रामपुर तक सभी बसों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। इस मार्ग पर बसें सामान्य रूप से संचालित होंगी, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और कर्मचारियों को राहत मिलेगी। इसके अलावा आनी से श्वाड मार्ग पर भी आंशिक बस सेवा शुरू की गई है। हिमाचल पथ परिवहन (एचआरटीसी) ने निर्णय लिया है कि अभी बसें केवल करंथल तक ही भेजी जाएंगी, क्योंकि वहां से आगे सड़क बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए सुरक्षित नहीं हो पाई है। भारी बरसात के कारण यहां सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसे बहाल करने में अभी समय लगेगा। एचआरटीसी अड्डा प्रभारी आनी, संदीप कुमार ने बताया कि निगम की प्राथमिकता जनता को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करना है। जैसे-जैसे सड़कें बहाल होती जाएंगी, निगम तत्काल बस सेवाओं को शुरू कर देगा।